Sanjay Singh in Raipur : छत्तीसगढ़ सरकार पर बड़ा हमला…! PESA और पेपर लीक से UCC तक घेरा
पेपर लीक को लेकर BJP सरकारों पर सवाल
रायपुर, 09 अगस्त। Sanjay Singh in Raipu : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह रविवार को रायपुर पहुंचे, जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बातचीत में संजय सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सरकार केंद्र के इशारे पर चल रही है और आदिवासी समाज समेत आम जनता के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।
संजय सिंह ने पेसा कानून, पेपर लीक, महिला आरक्षण और यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। उनके तीखे बयानों के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
‘पेसा कानून का मजाक उड़ाया जा रहा’
छत्तीसगढ़ में पेसा कानून को लेकर संजय सिंह ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों का हक मारा जा रहा है और पेसा कानून का मजाक उड़ाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि आदिवासी समाज में सरकार को लेकर नाराजगी है। संजय सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन उन्हें ‘डायरेक्शन अडानी और मोदी से आता है।’
उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को ‘केंद्र सरकार के इशारे पर नाचने वाली सरकार’ भी बताया।
पेपर लीक को लेकर BJP सरकारों पर सवाल
संजय सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे पर भी केंद्र और भाजपा शासित राज्यों को घेरा। उन्होंने दावा किया कि 2015 से अब तक देश में 148 पेपर लीक के मामले सामने आए हैं।
उन्होंने महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तराखंड और झारखंड समेत कई राज्यों का जिक्र करते हुए सरकारों से जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना था कि पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है और देशभर में छात्र इसके खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं।
महिला आरक्षण और सीटों के पुनर्निर्धारण पर भी सवाल
संजय सिंह ने महिला आरक्षण और भविष्य में सीटों के पुनर्निर्धारण से जुड़े मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े बदलाव में पारदर्शिता जरूरी है और बिना पारदर्शी प्रक्रिया के सुधार अधूरा माना जाएगा।
UCC पर संजय सिंह का नया सुझाव
यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC को लेकर संजय सिंह ने दो कमेटियां बनाने का सुझाव दिया। उनके मुताबिक पहली कमेटी को SC, ST और OBC वर्ग के साथ होने वाले भेदभाव से जुड़े मामलों की निगरानी करनी चाहिए, जबकि दूसरी कमेटी समाज के सभी वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव के मामलों को देखे। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसी व्यवस्था नहीं चाहती और उस पर समाज में विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया।
छत्तीसगढ़ में AAP का संगठन विस्तार
रायपुर दौरे के दौरान संजय सिंह ने आम आदमी पार्टी के संगठन विस्तार की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी और अन्य पदाधिकारी अलग-अलग जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में AAP का जमीनी संगठन और मजबूत किया जाएगा।





