
बल्कोनगर ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क और जनआंदोलन की रणनीति तय, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने पर जोर।
कोरबा। Korba Congress Meeting आगामी चुनावों की आहट के बीच कांग्रेस अब पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आने लगी है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, रूठे और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने तथा जनता के बीच लगातार मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के निर्देश पर बल्कोनगर ब्लॉक कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें आने वाले महीनों की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
उत्सव वाटिका में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने की। बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की गई।
बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अब कांग्रेस केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर वार्ड में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को दोबारा सक्रिय करने, नए चेहरों को संगठन से जोड़ने और उन्हें जिम्मेदारियां देने पर विशेष जोर दिया गया। राजनीतिक गलियारों में इसे “रूठों को मनाने और बूथ को साधने” की कवायद माना जा रहा है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि भाजपा सरकार की नीतियों और स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाएगी। खराब सड़कें, पेयजल संकट, बिजली व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई और यातायात जैसी समस्याओं को लेकर ज्ञापन, धरना और आंदोलन की रणनीति भी बनाई गई।
बैठक में जिला महामंत्री रवि सिंह चंदेल, गिरधारी बरेठ, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश पंकज, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, पूर्व अध्यक्ष दुष्यंत शर्मा, पालूराम साहू सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, पार्षदों, बूथ अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊर्जा के साथ मजबूत बनाने और हर वार्ड में कांग्रेस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक आगामी चुनावों से पहले कांग्रेस के संगठनात्मक “वार्म-अप” की शुरुआत मानी जा रही है।






