Uncategorized

Teacher Robbery : दुर्ग में दिनदहाड़े शिक्षिका से पिस्टल की नोक पर लूट…! ई-रिक्शा रोककर बदमाशों ने की मारपीट…CCTV में तलाश तेज

दिनदहाड़े टीचर से गन प्वाइंट पर लूट


दुर्ग, 06 अगस्त। Teacher Robbery : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर शिक्षिका से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में दो बाइक सवार बदमाशों ने ई-रिक्शा रोककर महिला शिक्षिका को हथियार दिखाया और लूटपाट की। विरोध करने पर आरोपियों ने शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, महिला शिक्षिका योगिता ई-रिक्शा से अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया और लूटपाट शुरू कर दी। जब शिक्षिका और ई-रिक्शा चालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की, फिर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस दिनदहाड़े हुई वारदात ने एक बार फिर जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी अब खुलेआम हथियार के दम पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Back to top button