
कोरबा।Korba Police CCTNS Review Meeting कोरबा पुलिस अपराधों की जांच को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गुरुवार को जिले में संचालित सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर थाना एवं चौकी स्तर पर लंबित कार्यों, डाटा एंट्री की गुणवत्ता और विभिन्न मॉड्यूलों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीसीटीएनएस में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी शत-प्रतिशत सही, त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण डाटा एंट्री से अपराध अनुसंधान तेज और प्रभावी होता है, साथ ही न्यायालयीन प्रक्रिया में भी सटीक एवं विश्वसनीय रिकॉर्ड उपलब्ध कराना आसान होता है।
समीक्षा के दौरान Form Entry, MedLEaPR, VCNB, ई-साक्ष्य, Final Report, मालखाना एंट्री, e-Sign FIR एवं Charge Sheet सहित विभिन्न मॉड्यूलों की स्थिति की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी लंबित प्रविष्टियों का शीघ्र निराकरण करने और प्रत्येक रिकॉर्ड का सत्यापन कर ही उसे सिस्टम में दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रार्थी, आरोपी और पीड़ित के नाम, पिता या पति का नाम, मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक विवरणों की सही प्रविष्टि भविष्य में तकनीकी और न्यायिक प्रक्रियाओं को सरल एवं मजबूत बनाती है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपूर्ण जानकारी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक का एक विशेष आकर्षण उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीसीटीएनएस कर्मचारियों का सम्मान रहा। समयबद्ध डाटा एंट्री, लंबित मामलों के प्रभावी निराकरण और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और पूरी टीम बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होती है।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए सीसीटीएनएस के प्रत्येक मॉड्यूल में शत-प्रतिशत गुणवत्ता, शुद्धता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग ही अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग की मजबूत नींव है।






