कोरबा

Atal Bihari Vajpayee Statue : कटघोरा में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में भ्रष्टाचार…! बारिश ने खोली पोल…ब्रॉन्ज की जगह सस्ती धातु की लगाई मूर्ति…जांच शुरू

पेंट उखड़ते ही अटल प्रतिमा पर उठे भ्रष्टाचार के आरोप


कोरबा, 29 जुलाई। Atal Bihari Vajpayee Statue : पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में बनाए गए अटल परिसर को लेकर कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका में विवाद खड़ा हो गया है। परिसर में स्थापित प्रतिमा की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ब्रॉन्ज (कांस्य) की जगह सस्ती धातु की मूर्ति लगाने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच शुरू हो गई है और अब प्रदेश के 187 नगरीय निकायों में स्थापित अटल प्रतिमाओं की भी जांच कराने की मांग उठ रही है।

बारिश में उखड़ा पेंट, खुला कथित खेल

आरोप है कि योजना के तहत कांस्य की प्रतिमा लगाई जानी थी, जिसकी अनुमानित लागत 13–14 लाख रुपये थी। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने 10 लाख रुपये की दर पर कार्य लिया, लेकिन ब्रॉन्ज की जगह दूसरी धातु की प्रतिमा बनाकर उस पर केवल ब्रॉन्ज रंग का पेंट कर दिया गया। हाल की बारिश के दौरान पेंट उखड़ने के बाद प्रतिमा की मूल धातु दिखाई देने लगी, जिसके बाद विवाद गहरा गया।

जांच शुरू, ठेकेदार को नोटिस

कटघोरा नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) मुद्रिका प्रसाद तिवारी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा उपलब्ध कराई गई टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति दी गई थी। पेंट उखड़ने की शिकायत मिलने के बाद ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बिलासपुर से आई जांच टीम ने निरीक्षण किया है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

प्रदेशभर में जांच की मांग

इस मामले के सामने आने के बाद अब यह मांग उठ रही है कि छत्तीसगढ़ के सभी 187 नगरीय निकायों में स्थापित अटल प्रतिमाओं की गुणवत्ता की भी जांच कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति स्पष्ट हो सके। प्रतिमा में कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच जारी है। अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच रिपोर्ट और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होंगे।

Related Articles

Back to top button