
रायपुर।CG Sports Conclave 2026 छत्तीसगढ़ में खेलों के भविष्य को नई दिशा देने की कवायद अब तेज होती नजर आ रही है। राजधानी रायपुर स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट में आयोजित छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि इसे राज्य के खेल विकास के लिए रोडमैप तैयार करने वाला बड़ा मंच माना जा रहा है। इस कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनिल द्विवेदी ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कॉन्क्लेव में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, खेल विशेषज्ञ और खिलाड़ी एक ही मंच पर नजर आए। पूरे दिन चले सात विषयगत सत्रों में राज्य के खेल ढांचे को मजबूत बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों तक आधुनिक खेल सुविधाएं पहुंचाने, प्रतिभाओं की खोज, हाई-परफॉर्मेंस ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस और टेक्नोलॉजी के उपयोग सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर मंथन हुआ।
महासचिव अनिल द्विवेदी ने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक सकारात्मक और दूरगामी पहल है। इससे शासन, खेल संघों और खिलाड़ियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा भविष्य की खेल नीतियों को मजबूत आधार मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि यदि कॉन्क्लेव में सामने आए सुझावों को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया गया, तो आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने में सफल होगा। उन्होंने कहा कि ताइक्वांडो सहित सभी खेलों के खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बेहतर अधोसंरचना और प्रतिस्पर्धी अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है।
अनिल द्विवेदी ने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ राज्य की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए शासन के साथ हर स्तर पर सकारात्मक सहयोग करता रहेगा।






