Eklavya Residential School : एकलव्य स्कूल में हंगामा…! भोजन में मिले कीड़े…छात्रों ने विधायक की गाड़ी घेरकर सुनाई आपबीती

News Power Zone
2 Min Read
Eklavya Residential School

कटघोरा/छुरी कला, 27 जुलाई। Eklavya Residential School : छत्तीसगढ़ के कटघोरा क्षेत्र स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय, छुरी कला में सोमवार को शाला प्रवेशोत्सव के दौरान छात्रों और अभिभावकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। कार्यक्रम में पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह की गाड़ी का छात्रों ने घेराव कर स्कूल की कथित बदहाल व्यवस्था की शिकायत की।

भोजन में कीड़े और एक्सपायरी सामान देने का आरोप

छात्रों का आरोप है कि स्कूल के भोजन में कीड़े मिल रहे हैं तथा उन्हें एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ और दवाइयां दी जा रही हैं। उनका कहना है कि दूषित भोजन के कारण कई बच्चे खाज-खुजली जैसी समस्याओं से परेशान हैं।

प्राचार्य पर लगे गंभीर आरोप

अभिभावकों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर फर्जी नाम से मेस संचालन, सरकारी वाहनों के कथित दुरुपयोग और तानाशाही रवैये का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल हटाने की मांग की।

पहले भी विवादों में रहा स्कूल

बताया जा रहा है कि हाल ही में इसी विद्यालय में एक शिक्षक के साथ कथित मारपीट का मामला भी सामने आया था, जिसकी रिपोर्ट कटघोरा थाने में दर्ज हुई थी। अभिभावकों का आरोप है कि उस मामले में भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

जांच और कार्रवाई की मांग

छात्रों और अभिभावकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है।

Share This Article