Deepak Baij Delhi Call : 30 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस की अहम बैठक…! प्रदेश अध्यक्ष पर हो सकता है बड़ा फैसला…तेज हुई सियासी चर्चा

News Power Zone
2 Min Read
Deepak Baij Delhi Call

रायपुर, 26 जुलाई। Deepak Baij Delhi Call : छत्तीसगढ़ कांग्रेस के लिए 30 जुलाई का दिन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को दिल्ली तलब किया है। इस अहम बैठक में प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में संगठनात्मक बदलाव और नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।

28 जुलाई को छत्तीसगढ़ आएंगे सचिन पायलट

बैठक से पहले 28 जुलाई को सचिन पायलट छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। वे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की मौजूदा स्थिति का फीडबैक लेंगे। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ आगामी राजनीतिक रणनीति और आंदोलन को लेकर भी चर्चा करेंगे।

दीपक बैज का कार्यकाल पूरा, नए चेहरे पर नजर

राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में दीपक बैज अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आलाकमान उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाएगा या किसी नए चेहरे को संगठन की जिम्मेदारी सौंपेगा।

‘जय-वीरू’ की जोड़ी पर फिर चर्चा

बैज के दिल्ली बुलावे के बीच कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति भी चर्चा में है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल के जन्मदिन पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का बघेल निवास पहुंचना राजनीतिक हलकों में नए समीकरणों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। लंबे समय बाद दोनों नेताओं की नजदीकियों को लेकर ‘जय-वीरू’ की जोड़ी फिर सक्रिय होने की अटकलें तेज हो गई हैं।

अब सभी की निगाहें 30 जुलाई को दिल्ली में होने वाली बैठक पर हैं, जहां छत्तीसगढ़ कांग्रेस के भविष्य और संगठन में संभावित बदलाव को लेकर अहम निर्णय सामने आ सकता है।

Share This Article