
कोरबा, 25 जुलाई। Dharmendra Pradhan Resignation Congress Celebration Korba केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कोरबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे देशभर के छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र की जीत बताया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय परीक्षाओं में लगातार हुए पेपर लीक से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन केंद्र सरकार लंबे समय तक जिम्मेदारी स्वीकार करने से बचती रही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले दिन से ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए इस्तीफे की मांग की थी। संसद से लेकर सड़क तक पार्टी ने छात्रों के समर्थन में आंदोलन चलाया। अग्रवाल ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली में छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस बल प्रयोग किया गया, लेकिन छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखा और आखिरकार उनकी आवाज सुनी गई।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं ने करोड़ों परिवारों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार ऐसी पारदर्शी और सख्त व्यवस्था बनाए, जिससे भविष्य में किसी भी छात्र का सपना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट न चढ़े।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जश्न के दौरान मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर छात्रों के संघर्ष को सलाम किया गया।






