Korba Breaking: रास्ता खाली करने की बात पर खूनी बवाल… ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा। Korba Auto Driver Knife Attack शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाजार में शुक्रवार देर रात रास्ता खाली करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। कुछ युवकों ने एक ऑटो चालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ युवक सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ऑटो चालक ने उन्हें रास्ते से हटने और साइड देने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में विवाद हाथापाई में बदल गया। आरोप है कि युवकों ने गुस्से में आकर ऑटो चालक पर चाकू से लगातार वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

 

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

 

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं। फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।

 

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। नागरिकों का कहना है कि बुधवारी बाजार क्षेत्र में रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। खुलेआम शराबखोरी, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि पुलिस गश्त नाकाफी साबित हो रही है। लोगों ने क्षेत्र में रात के समय नियमित गश्त बढ़ाने और स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने की मांग की है।

 

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल का बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

Share This Article