CG Sports: 28 जुलाई को रायपुर में सजेगा छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026, खेल जगत की दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल

News Power Zone
3 Min Read

रायपुर। Chhattisgarh Sports Conclave 2026 छत्तीसगढ़ में खेलों के भविष्य की नई दिशा तय करने की तैयारी शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय द्वारा 28 जुलाई 2026 को राजधानी रायपुर स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट में “छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026” का आयोजन किया जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित आयोजन में देशभर के प्रतिष्ठित खिलाड़ी, ओलंपियन, खेल प्रशासक, प्रशिक्षक, खेल वैज्ञानिक, शिक्षाविद, नीति-निर्माता और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी एक मंच पर जुटेंगे।

 

 

कॉन्क्लेव का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के समग्र विकास के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है। कार्यक्रम के दौरान खेल नीति, आधुनिक खेल विज्ञान, खेल अधोसंरचना, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, खेल प्रशासन में सुधार और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।

 

आयोजन के दौरान विशेषज्ञ अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे, जिनके आधार पर छत्तीसगढ़ की खेल व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं भविष्य उन्मुख बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए दीर्घकालिक रोडमैप पर भी मंथन होगा।

 

प्रदेश के खेल भविष्य के लिए अहम पहल

 

खेल एवं युवा कल्याण संचालनालय का मानना है कि यह कॉन्क्लेव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेश में खेलों के विकास के लिए नई सोच और नई कार्ययोजना तैयार करने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। विशेषज्ञों की भागीदारी से प्राप्त सुझावों को भविष्य की योजनाओं में शामिल कर खिलाड़ियों के लिए बेहतर माहौल तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

 

क्या बोलीं खेल संचालक तनुजा सलाम

 

खेल संचालक तनुजा सलाम ने कहा “छत्तीसगढ़ स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव-2026 का उद्देश्य प्रदेश में खेलों के विकास को नई दिशा देना है। यह मंच खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल विशेषज्ञों और नीति-निर्माताओं के बीच सार्थक संवाद स्थापित करेगा। यहां प्राप्त सुझावों के आधार पर प्रदेश की खेल नीति और खेल अधोसंरचना को और अधिक सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा। हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी खेल राज्यों में स्थापित करना और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।”

 

प्रदेश के खेल जगत की नजर अब 28 जुलाई को होने वाले इस कॉन्क्लेव पर टिकी है, जहां लिए जाने वाले निर्णय आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के खेल परिदृश्य को नई पहचान दे सकते हैं।

Share This Article