BJP Congress Clash : रायपुर बवाल पर सियासत गरम…! कांग्रेस नेताओं पर गैर-जमानती FIR…थाने पहुंचे दीपक बैज; भूपेश बघेल की पुलिस को चेतावनी
भूपेश बघेल का सरकार पर हमला
रायपुर, 23 जुलाई। BJP Congress Clash : भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद रायपुर में दर्ज गैर-जमानती धाराओं वाली FIR को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। खम्हारडीह थाने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामले के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज गुरुवार को वरिष्ठ नेताओं के साथ थाने पहुंचे और कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताया।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, “हम चुप बैठने वाले नहीं हैं, हमने चूड़ियां नहीं पहनी हैं।” उनका दावा है कि कांग्रेस इस कार्रवाई का राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर जवाब देगी।
भूपेश बघेल का सरकार पर हमला
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि घटना में कांग्रेस कार्यकर्ता और पत्रकार घायल हुए, लेकिन कार्रवाई कांग्रेस नेताओं पर कर दी गई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपने आचरण का ध्यान रखने की बात कही और कहा कि सत्ता स्थायी नहीं होती।
बस्तर दौरा छोड़ रायपुर लौटे बैज
घटनाक्रम के बाद दीपक बैज ने अपना बस्तर दौरा बीच में ही रद्द कर रायपुर लौटने का फैसला लिया। राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाई गई। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।
क्या है पूरा मामला?
बुधवार को रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस के 12 नामजद नेताओं समेत कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।






