Uncategorized

Korba Press Club : पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएं : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

उप मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब को 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की


कोरबा, 23 जुलाई। Korba Press Club : कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर (कोरबा) में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुवात में कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक श्री नौशाद खान ने स्वागत उद्बोधन में मंचस्थ मुख्य अतिथि एवं सम्माननीय अतिथियों कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्माननीय सदस्यों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि साडा कार्यकाल में जयसिंह जी के समय प्रेस क्लब को पहला भवन मिला था, जिसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूँ। बाद में सदस्यों की संख्या बढ़कर 120-130 होने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह, मंत्री राजेश मूणत और महापौर लखन लाल देवांगन के कार्यकाल में तिलक भवन की नींव पड़ी। कोरबा प्रेस क्लब के केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की राशि 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख करने पर महापौर संजू देवी राजपूत का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का नारा है—’हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’। मुझे विश्वास है कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी हमारे प्रेस क्लब को संवारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मुख्य अतिथि की आसंदी से उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान राज्य स्तर पर है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत करें। नई तकनीकों और एआई के दौर में पत्रकारिता के स्वरूप में बदलाव आया है। ऐसे समय में अनुभवी और युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवा पत्रकार इस क्षेत्र से जुड़ रहे हैं, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब की गतिविधियों और समय-समय पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की।
समारोह में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार सदैव निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ की जानी चाहिए तथा लोकतंत्र की मजबूती में मीडिया की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रहेगी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जयसिंह अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि कोरबा प्रेस क्लब के चुनाव के बाद आयोजित यह शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत भव्य और अभूतपूर्व है। ऐसा प्रतीत होता है कि नव-निर्वाचित कार्यकारिणी पूरी ऊर्जा और पूरे जोश-खरोश के साथ कार्य करने के लिए तत्पर है। मैं नव-निर्वाचित प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान, संरक्षक कमलेश यादव और कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देता हूँ। वर्तमान समय में देश जिस स्थिति से गुजर रहा है, उसमें पत्रकारिता जगत की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। देश व प्रदेश के मौजूदा हालातों को देखते हुए पत्रकारों को अपनी निष्पक्ष और अहम भूमिका निभाते हुए पूरी ईमानदारी से कार्य करने की आवश्यकता है।

प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपने 16 महीनों के कार्यकाल का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखन लाल देवांगन के कुशल नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। नगर निगम के सभी वार्डों में सड़क, नाली, बिजली, पानी, शहर के सौंदर्यीकरण तथा छोटे व्यापारियों के व्यवस्थित पुनर्वास जैसे कार्यों को प्रमुखता से पूरा किया गया है। उन्होंने प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान और उनकी टीम को बधाई देते हुए सकारात्मक सहयोग के लिए पत्रकारों का आभार भी जताया।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक श्री प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक श्री फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर कोरबा प्रेस क्लब के संरक्षक श्री कमलेश यादव, अध्यक्ष श्री नौशाद खान, उपाध्यक्ष श्री राजकुमार शाह, सचिव श्री दिनेश राज, उप सचिव श्री हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष श्री दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य श्री राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), श्री नवाब हुसैन एवं श्री आकाश शर्मा को उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

समारोह में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी एवं बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री अजीत मिश्रा एवं अन्य पदाधिकारियों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कोरबा प्रेस क्लब के सचिव श्री दिनेश राज ने कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन प्रेस क्लब के सम्माननीय सदस्य श्री सादिक शेख ने किया।

प्रेस क्लब के विस्तार के लिए 20 लाख रुपये सहायता की घोषणा

मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कोरबा प्रेस क्लब को भवन विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की। उन्होंने इसके लिए शीघ्र प्राक्कलन बनाकर प्रस्तुत करने को कहा।

Related Articles

Back to top button