बिलासपुर

Hospital Fight : बिलासपुर के निजी अस्पताल में बवाल…! ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और नर्स में मारपीट…दोनों ने दर्ज कराई FIR

ड्यूटी के दौरान भिड़े डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ


बिलासपुर, 17 जुलाई। Hospital Fight : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रिंग रोड स्थित एक निजी अस्पताल से ड्यूटी के दौरान डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों शिकायतों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, अयोध्या नगर निवासी डॉ. गेंदलाल जोगी ने शिकायत में बताया कि बुधवार को उनकी सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक ड्यूटी थी। दोपहर में पत्नी उनसे मिलने अस्पताल आई थीं। पत्नी के जाने के बाद वे बच्चे को स्कूल से लेकर घर छोड़ने गए और फिर ड्यूटी पर लौटे। आरोप है कि इसी बात को लेकर नर्सिंग स्टाफ की सदस्य अनिता टंडन उनसे उलझ गईं।

डॉ. जोगी का आरोप है कि विरोध करने पर अनिता टंडन ने उनके साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मरीजों के सामने थप्पड़ मार दिया। उनका कहना है कि इस घटना में उनके गाल पर चोट आई और दांत में दर्द की शिकायत है।

वहीं दूसरी ओर, नर्सिंग स्टाफ अनिता टंडन ने भी डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के समय वे ICU में मरीजों की निगरानी कर रही थीं। इसी दौरान डॉ. जोगी ने उन्हें वहां से हटकर दूसरी जगह बैठने के लिए कहा। जब उन्होंने मरीजों की देखभाल का हवाला देते हुए मना किया तो डॉक्टर कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

अनिता टंडन ने आरोप लगाया कि घटना में उनकी दाहिनी भुजा, बाईं हथेली और गले में अंदरूनी चोटें आईं। उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button