
कोरबा। Korba Stray Dog Attack जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल पर हमला कर उसे इतनी बेरहमी से नोच डाला कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक प्रकाश पटेल पिता किशोर पटेल कक्षा पहली का छात्र था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है और रोजी-मजदूरी के लिए दादर में रह रहा है।
पिता से मिलने आया था बेटा, लौटते वक्त बन गया कुत्तों का शिकार
मृतक के पिता किशोर पटेल ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे वह दादर में एक मकान निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रहे थे। उनका बेटा प्रकाश उनसे मिलने आया था। कुछ देर बाद जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
मासूम की चीख-पुकार सुनकर पिता दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्ते उसे दौड़ा-दौड़ाकर नोच चुके थे। प्रकाश के सिर, गले और गुप्तांग के पास गंभीर जख्म हो चुके थे। किसी तरह कुत्तों को भगाकर परिजन उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोगों में गुस्सा, निगम पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि दादर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर आए दिन कुत्तों के झुंड हमला करने दौड़ते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम और प्रशासन ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
ग्रामीणों की मांग: तुरंत चलाया जाए अभियान
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। एक मासूम की दर्दनाक मौत ने पूरे गांव को गम और गुस्से में डुबो दिया है।






