
कोरबा।Korba Tractor Accident कभी-कभी कुछ पल ऐसी टीस दे जाते हैं, जो पूरी जिंदगी का दर्द बन जाते हैं। कोरबा में सोमवार दोपहर ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। खेल-खेल में ट्रैक्टर पर चढ़े दो मासूम भाइयों में से ढाई साल का अब्दुल लतीफ हमेशा के लिए इस दुनिया से विदा हो गया, जबकि उसका पांच वर्षीय बड़ा भाई अपनी आंखों के सामने यह मंजर देख जिंदगीभर का दर्द लेकर बच गया।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पथरीपारा, नीलगिरी बस्ती वार्ड क्रमांक-20 की है। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण का काम चल रहा था। निर्माण सामग्री उतारने के दौरान ट्रैक्टर चालक और हेल्पर ने ट्रैक्टर सड़क किनारे खड़ा कर दिया, लेकिन लापरवाही यह रही कि चाबी ट्रैक्टर में ही लगी छोड़ दी गई।
इसी बीच मोहल्ले में खेल रहे दो मासूम भाई, ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ और उसका पांच वर्षीय बड़ा भाई, खेलते-खेलते ट्रैक्टर तक पहुंच गए। बच्चों के लिए वह किसी खिलौने से कम नहीं था। बड़ा भाई ड्राइवर सीट पर बैठ गया और मासूमियत में चाबी घुमा दी। अगले ही पल ट्रैक्टर स्टार्ट हो गया।
उधर छोटा अब्दुल लतीफ ट्रैक्टर के पहिये के पास खड़ा था। ट्रैक्टर अचानक आगे बढ़ा और वह उसके नीचे आ गया। कुछ ही सेकंड में खेल की हंसी दर्दनाक चीखों में बदल गई। आसपास मौजूद मजदूर और स्थानीय लोग दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
लहूलुहान मासूम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह ने बताया कि दोनों बच्चे खेलते-खेलते ट्रैक्टर पर चढ़ गए थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मासूमों का खेल इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। मृतक की पहचान ढाई वर्षीय मोहम्मद अब्दुल लतीफ के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत पर मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रैक्टर में चाबी लगी छोड़ने की लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।
यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि भारी वाहनों में चाबी लगी छोड़ना कितनी बड़ी लापरवाही साबित हो सकती है। एक छोटी सी चूक ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजाड़ दीं।






