Itarsi Railway Accident : मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा युवक OHE लाइन की चपेट में आया…! तेज धमाके के साथ गिरा नीचे…हालत गंभीर

News Power Zone
3 Min Read
Itarsi Railway Accident

इटारसी, 10 जुलाई। Itarsi Railway Accident : मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे जंक्शन पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। आउटर सिग्नल पर खड़ी मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा एक युवक ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन की चपेट में आ गया। हाई वोल्टेज करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

OHE लाइन के संपर्क में आते ही हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय धन बहादुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी नेहा और दो छोटे बच्चों के साथ मजदूरी के लिए गोवा जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगला एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन से आगे सी-केबिन के पास आउटर सिग्नल पर खड़ी थी। इसी दौरान धन बहादुर अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन इससे पहले ही वह हाई वोल्टेज OHE लाइन के बेहद करीब पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया।

70 प्रतिशत से अधिक झुलसा युवक

हादसे के बाद रेलवे पुलिस, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इटारसी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार वह 70 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पत्नी ने बताई चौंकाने वाली बात

घायल की पत्नी नेहा ने बताया कि दिल्ली से यात्रा शुरू करने के बाद से ही उसके पति का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह रास्ते भर असामान्य बातें कर रहा था। परिवार शिमला से दिल्ली होते हुए गोवा जा रहा था। इटारसी पहुंचने से पहले अचानक वह ट्रेन की छत पर चढ़ गया और यह हादसा हो गया। फिलहाल रेलवे पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन में लगभग 25,000 वोल्ट का करंट प्रवाहित होता है। इसके संपर्क में आना या अत्यधिक करीब जाना भी जानलेवा हो सकता है।

Share This Article