
कोरबा। Korba Road Repair Demand नगर पालिक निगम कोरबा के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने शहर की जर्जर सड़कों, बढ़ते ट्रैफिक जाम और जलभराव को लेकर राज्य सरकार और नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर निगम क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों की तत्काल मरम्मत, जीर्णोद्धार और आवश्यकता के अनुसार चौड़ीकरण कराने की मांग की है।
कृपाराम साहू ने कहा कि नगर निगम का सालाना बजट लगभग 900 करोड़ रुपये, डीएमएफ का करीब 600 करोड़ रुपये, इसके अलावा सीएसआर, राजस्व और अन्य योजनाओं से करोड़ों रुपये उपलब्ध होने के बावजूद शहर की सड़कें बदहाल हैं। उनका आरोप है कि भारी बजट के बावजूद आम नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि शहर के कई प्रमुख मार्ग बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। वहीं कई जगह सड़कें संकरी होने के कारण रोजाना ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। बरसात शुरू होते ही रिहायशी इलाकों और संकरी गलियों में जलभराव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। इससे राहगीरों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि बरसात से पहले नालियों की सफाई कराने की मांग की गई थी, लेकिन नगर निगम समय रहते व्यापक सफाई नहीं करा सका। इसका परिणाम यह हुआ कि बारिश के शुरुआती दौर में ही नालियों का गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
कृपाराम साहू ने अपने पत्र में कहा कि कोरबा में ट्रैफिक जाम अब लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है। यदि समय रहते सड़क मरम्मत, चौड़ीकरण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि शहरवासियों को जाम और खराब सड़कों की समस्या से राहत दिलाने के लिए निगम क्षेत्र की सड़कों का सर्वे कराकर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत, जीर्णोद्धार और चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि कोरबा में सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।






