US Iran War Air Strike : 90 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर बरसे बम…! ईरान ने दी बड़े जवाब की चेतावनी…यहां देखें VIDEO
मिडिल ईस्ट में जंग तेज, कई शहरों में धमाकों से दहशत
तेहरान/वॉशिंगटन, 09 जुलाई। पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिका ने बुधवार देर रात ईरान के भीतर 90 से अधिक सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, इन हमलों में एयर डिफेंस सिस्टम, मिसाइल और ड्रोन स्टोरेज, नौसैनिक अड्डों, निगरानी केंद्रों और सैन्य लॉजिस्टिक्स ठिकानों को निशाना बनाया गया।
हमले में 3 लोगों की मौत
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, खुजेस्तान प्रांत के अहवाज के बाहरी इलाके में हुए हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान जारी है।
चाबहार और अबू मूसा में जोरदार धमाके
हमलों के दौरान चाबहार, कोनारक और अबू मूसा द्वीप में कई विस्फोटों की खबर सामने आई। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, अबू मूसा में करीब 10 धमाके हुए, जबकि चाबहार और कोनारक क्षेत्र में भी लगातार विस्फोट दर्ज किए गए। हमलों के बाद चाबहार के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
ट्रंप बोले- ‘मैं ईरान की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें लगातार सुरक्षा संबंधी खतरा बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि “मैं ईरान की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर हूं।” ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान समझौता करना चाहता है, लेकिन उन्हें भरोसा नहीं कि तेहरान किसी भी समझौते का पालन करेगा।
ईरान ने दी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि यदि हमला होगा तो उसका जवाब भी दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका की कार्रवाई बिना कीमत चुकाए नहीं रहेगी और होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान की शर्तों पर ही खुला रहेगा।
दुनिया की नजर पश्चिम एशिया पर
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर वैश्विक तेल बाजार, समुद्री व्यापार और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा व्यापार मार्गों में शामिल है।






