कोरबा, 07 जुलाई। Bus Delivery Viral News : इंसानियत, साहस और सूझबूझ की एक भावुक तस्वीर कोरबा से पटना जा रही राजहंस बस में देखने को मिली। सफर के दौरान एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बाहर तेज बारिश और रात का अंधेरा था, लेकिन बस में मौजूद महिला यात्रियों और स्टाफ ने हिम्मत नहीं हारी। उनकी तत्परता से बस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया और कुछ ही देर बाद नवजात की किलकारी से पूरी बस गूंज उठी।
अंबिकापुर के आगे अचानक बढ़ा दर्द
जानकारी के अनुसार, कोरबा निवासी सुनती देवी अपने पति के साथ पटना जा रही थीं। यह उनका पहला बच्चा है। रात करीब 11 बजे, जब बस अंबिकापुर से आगे बढ़ रही थी, तभी उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला की हालत गंभीर होती देख चालक ने तुरंत बस को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया।
महिला यात्रियों ने निभाई बड़ी जिम्मेदारी
बारिश के बीच अस्पताल पहुंचना संभव नहीं था। ऐसे में बस में मौजूद महिला यात्रियों ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए प्रसव की जिम्मेदारी संभाली। लगभग आधे घंटे की कोशिश के बाद सुनती देवी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।
मां और नवजात दोनों सुरक्षित
बस स्टाफ और यात्रियों की तत्परता से मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। इस घटना ने मुश्किल समय में इंसानियत और सहयोग की मिसाल पेश की।












