Big Breaking: पुलिस महकमे में मची हलचल! कई कप्तानों की विदाई की चर्चा, सरकार कभी भी खोल सकती है तबादलों के पत्ते

News Power Zone
3 Min Read

रायपुर।Chhattisgarh IPS Transfer 2026 छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की घड़ी अब बेहद करीब मानी जा रही है। सत्ता के गलियारों से लेकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) तक एक ही चर्चा है कि सरकार कभी भी बहुप्रतीक्षित आईपीएस तबादला सूची जारी कर सकती है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार आज देर रात या कल सुबह तक बड़े पैमाने पर तबादलों के आदेश सामने आ सकते हैं।

सूत्रों की मानें तो इस बार का फेरबदल सामान्य नहीं, बल्कि व्यापक स्तर का हो सकता है। चर्चा है कि 10 से अधिक जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं। संभावित सूची में कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, जगदलपुर, बलौदाबाजार, सूरजपुर, कोरिया सहित कई महत्वपूर्ण जिलों के नाम सामने आ रहे हैं, जहां नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की संभावना जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से राज्य सरकार लगातार कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रही थी। हत्या, लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों को लेकर मिले फीडबैक के बाद कई जिलों में प्रशासनिक बदलाव की रणनीति तैयार की गई है। इसी वजह से पुलिस महकमे में तबादलों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि संभावित सूची केवल जिला पुलिस अधीक्षकों तक सीमित नहीं रह सकती। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट, पुलिस मुख्यालय (PHQ) और कुछ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो यह हाल के वर्षों का सबसे बड़ा पुलिस प्रशासनिक फेरबदल माना जाएगा।

हालांकि, राज्य सरकार या पुलिस मुख्यालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। इसलिए अंतिम सूची जारी होने तक किसी भी अधिकारी के तबादले या नई पदस्थापना की पुष्टि नहीं की जा सकती। अंतिम समय में सूची में बदलाव की संभावना भी बनी हुई है।

फिलहाल पूरे पुलिस महकमे, प्रशासनिक गलियारों और राजनीतिक हलकों की नजर संभावित तबादला सूची पर टिकी हुई है। यदि सूत्रों की जानकारी सही साबित होती है तो अगले कुछ घंटों में छत्तीसगढ़ पुलिस के कई जिलों में नई कमान देखने को मिल सकती है।

Share This Article