
कोरबा News Power Zone। Korba Police Flag March Before Moharram हाल के दिनों में जिले में हुई आपराधिक घटनाओं और त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर बढ़ी संवेदनशीलता के बीच कोरबा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान के तहत मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस फ्लैग मार्च का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न थाना और पुलिस सहायता केंद्र प्रभारियों ने किया। करीब 70 पुलिस अधिकारी और जवानों की मौजूदगी ने शहरवासियों को यह संदेश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
टी.पी. नगर चौक से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शारदा विहार तिराहा, सुनालिया चौक, पावर हाउस रोड, ओवरब्रिज के नीचे होते हुए पुराने बस स्टैंड तक पहुंचा। पुलिस बल ने पैदल मार्च कर आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम सहित सभी धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, अशांति या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे भाईचारे और सौहार्द की परंपरा को बनाए रखते हुए पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि “सजग कोरबा सतर्क कोरबा” अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध नियंत्रण, जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार चलाया जा रहा है। फ्लैग मार्च ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ मैदान में मौजूद है।






