
कोरबा। थाना कोतवाली क्षेत्र के रामसागर पारा में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में सात आरोपियों को अभिरक्षा में ले लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या के इस बहुचर्चित प्रकरण में साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच के आधार पर सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है तथा सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
रामसागर पारा में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और मामले की जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है।





