
रायपुर: Rahul Gandhi Tea Break छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। राहुल गांधी अपना काफिला रोककर एक चाय की टपरी पर पहुंच गए। यहां उन्होंने चाय पी और बिस्किट भी खाई। राहुल गांधी के दौरे में सबसे खास बात दिखाई दी सचिन पायलट के साथ उनकी जुगलबंदी। सचिन पायलट और भूपेश बघेल को अपनी ही गाड़ी में बैठाकर राहुल गांधी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे।
एयरपोर्ट लौटते समय पी चाय
राहुल गांधी करीब 4 घंटे तक रायपुर में रहे। कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर से एयरपोर्ट वापस लौटते समय राहुल गांधी का अलग अंदाज दिखाई दिया। राहुल गांधी ने VIP रोड स्थिति एक चाय की टपरी पर अपनी गाड़ी रोकवाई और यहां चाय पीने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने PCC चीफ दीपक बैज को खाने के लिए बिस्किट दी। राहुल गांधी के साथ सचिन पायलट, भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत समेत कई सीनियर नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी जब एयरपोर्ट के लिए निकले थे उसी दौरान उन्हें रास्ते में धरिया कैंटीन दिखाई दी। राहुल गांधी वहां पहुंच गए। इस दौरान कैंटीन में मौजूद बच्चों के साथ भी राहुल गांधी ने चर्चा की। इसके साथ ही राहुल गांधी ने यहां मौजूद लोगों के साथ फोटो क्लिक करवाई। राहुल गांधी के आने की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ कैंटीन के पास जमा हो गई थी।





