छत्तीसगढ़

Surguja DEO Action : 4 साल से ड्यूटी से गायब कर्मचारी पर बड़ी कार्रवाई…! शिक्षा विभाग ने सेवा की समाप्त

बिना अनुमति ड्यूटी से गायब कर्मचारी पर गिरी गाज

रायपुर, 10 जून। Surguja DEO Action : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारी की सेवा समाप्त कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा द्वारा जारी आदेश के अनुसार सहायक ग्रेड-03 सूरज कुमार भगत को विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद बर्खास्त किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सूरज कुमार भगत शासकीय हाई स्कूल लक्ष्मणगढ़, विकासखंड उदयपुर में पदस्थ थे। वे 17 मार्च 2021 से लगातार बिना अनुमति और बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे थे। विभाग द्वारा समय-समय पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कर भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन निर्धारित समय सीमा में उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय जांच कराई गई। जांच अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से बिना स्वीकृति अनुपस्थित थे और अनुपस्थिति के समर्थन में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button