Water Crisis : कोरबा में मूलभूत सुविधाओं पर सियासत तेज…! नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने निगम प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
स्ट्रीट लाइट और पानी की समस्या पर सवाल
कोरबा, 07 जून। Water Crisis : नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सफाई, हाईमास्ट लाइट, ट्रैफिक प्रबंधन, राखड़ प्रदूषण, नालियों की सफाई और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
कृपाराम साहु ने कहा कि मानसून की दस्तक से पहले शहर की नालियों की समुचित सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई है। यदि समय रहते आवश्यक कार्य नहीं हुए तो पहली ही बारिश में जलभराव, दुर्गंध और गंदगी की समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि कोरबा की सबसे बड़ी समस्याओं में ट्रैफिक व्यवस्था शामिल है, लेकिन वर्षों से इसके समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे आम नागरिकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्ट्रीट लाइट और पानी की समस्या पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने निगम के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद सुधार कार्य नहीं हो रहे और जरूरत के मुताबिक नई लाइटें भी नहीं लगाई जा रहीं।
पेयजल संकट का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि निगम जलापूर्ति पर निर्भर कई परिवारों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में पानी की सप्लाई गंभीर समस्या बनी हुई है।
राखड़ प्रदूषण और राजनीति पर निशाना
साहु ने शहर में सड़क किनारे राखड़ डंप किए जाने पर भी चिंता जताई और कहा कि इससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देने के बजाय निगम में सम्मान और अपमान की राजनीति हो रही है, जबकि शहरवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
आंदोलन की चेतावनी
कृपाराम साहु ने कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन जल्द ठोस कदम नहीं उठाता, तो विपक्ष सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा और जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगा।




