
self-made destiny children numerology अंकज्योतिष की मानें तो हर अंक की अपनी एक विशेष ऊर्जा होती है। आज हम जिस मूलांक के बारे में आपको बताने जा रहे हैं उस मूलांक को बेहद शक्तिशाली माना जाता है। ये मूलांक ग्रहों के सेनापति मंगल से जुड़ा है और ज्योतिष में मंगल को ऊर्जा और साहस का कारक माना गया है। कहते हैं जिस किसी पर मंगल की विशेष कृपा रहती है ऐसे लोग ऊर्जावान, निडर और मजबूत इच्छाशक्ति वाले होते हैं। ये जो ठान लेते हैं उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। अब तो आप जान ही गए होंगे कि यहां हम मूलांक 9 की बात कर रहे हैं।
क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी भी मूलांक 9 के ही जातक हैं। उनकी जन्म तारीख 27 मार्च है, जिसका मूलांक 9 बनता है। बता दें महीने की 9, 18 और 27 तारीख में जन्मे लोगों का मूलांक 9 ही होता है। इस मूलांक के लोगों में कुछ अलग कर गुजरने का जुनून जन्मजात होता है। आइए जानते हैं क्या है मूलांक 9 की खासियत और क्यों ये बच्चे कम उम्र में ही इतिहास रच देते हैं।
मंगल का प्रभाव बनाता है साहसी और ऊर्जावान
मूलांक 9 का स्वामी मंगल है और ज्योतिष में मंगल को ऊर्जा, साहस, पराक्रम और अनुशासन का कारक माना जाता है। इसी वजह से मूलांक 9 वाले बच्चे बचपन से ही निडर और साहसी होते हैं। ये जीवन में आने वाली चुनौतियों से बिल्कुल भी नहीं घबराते, बल्कि लड़कर विजय प्राप्त करते हैं। इनकी पर्सनालिटी काफी दमदार होती है।
लोहे जैसी इच्छाशक्ति
इस मूलांक के बच्चों की सबसे बड़ी ताकत उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति होती है। ये जो ठान लेते हैं उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। इनकी सबसे बड़ी खासियत ये है कि विपरीत परिस्थितियों में इनका प्रदर्शन और भी बेहतर हो जाता है। जिसके चलते ये काफी जल्दी सफलता प्राप्त कर लेते हैं।
अनुशासन प्रिय
इस मूलांक वाले अनुशासन में रहना पसंद करते हैं। इनकी यही खूबी इन्हें लक्ष्य हासिल करने में मदद करती है। ये अपने मार्ग से कभी नहीं भटकते और फालतू की चीजों में अपना समय और ऊर्जा बिल्कुल भी व्यर्थ नहीं करते।
खुद लिखते हैं अपनी किस्मत
मेहनती, कर्मठी, लक्ष्य केंद्रित और एकाग्रता इन चार गुणों के कारण मूलांक 9 वाले कम उम्र में ही अपार सफलता प्राप्त कर लेते हैं। ये भीड़ में भी अलग पहचान बनाने में कामयाब हो जाते हैं। इनकी शारीरिक सहनशक्ति जबरदस्त होती है, इसलिए ये खेलकूद और सेना जैसे क्षेत्रों में तो बहुत ही नाम कमाते हैं। ये कड़ी मेहनत के दम पर अपनी किस्मत खुद लिखने का दम रखते हैं।
रच सकते हैं इतिहास
मूलांक 9 के बच्चे अपनी किस्मत खुद लिखने का दम रखते हैं। बस जरूरत होती है इन्हें सही मार्गदर्शन की। अगर समय रहते इन्हें सही मार्गदर्शन मिल जाता है तो ये बच्चे वैभव सूर्यवंशी की तरह इतिहास रच सकते हैं।
यदि आपके बच्चे का मूलांक भी 9 है, तो इन बातों पर जरूर दें ध्यान
मूलांक 9 के बच्चों के भीतर असीम ऊर्जा होती है। यदि इसे सही समय पर सही दिशा में न लगाया जाए, तो ये आक्रामक या चिड़चिड़े हो सकते हैं।
इनका गुस्सा काफी तेज होता है जिस पर समय रहते कंट्रोल करना जरूरी हो जाता है। इनका स्वाभिमान बहुत ऊंचा होता है और जब कोई उसे ठेस पहुंचाने की कोशिश करे तो ये बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं।



