रायपुर, 10 अप्रैल। Raipur RTO Bribery Case : रायपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए RTO कार्यालय में पदस्थ एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे दफ्तर में हड़कंप मच गया।
15 हजार की डिमांड, 14 हजार लेते ही गिरफ्तारी
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी डाटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन ने फाइनेंस वाहन का नाम ट्रांसफर कराने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
जैसे ही आरोपी ने 14 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी चोला मंडलम फाइनेंस से संबंधित वाहन के दस्तावेज तैयार करने के नाम पर पैसे मांग रहा था।
पूछताछ जारी
फिलहाल ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन शामिल हो सकते हैं।












