Middle East Crisis Impact : कोरबा में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित…! पंपों पर चेतावनी बोर्ड

News Power Zone
2 Min Read
Middle East Crisis Impact

कोरबा, 08 अप्रैल। Middle East Crisis Impact : मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखने लगा है। पेट्रोलियम पदार्थों की अनिश्चित आपूर्ति के कारण कोरबा शहर की ऊर्जा और परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। शहर के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर ‘रिजर्व स्टॉक’ के बोर्ड टांग दिए गए हैं, जिससे आम जनता की चिंता बढ़ गई है।

स्पीड पेट्रोल ही विकल्प, सामान्य स्टॉक सीमित वर्तमान स्थिति यह है कि शहर के अधिकांश पंपों पर सामान्य पेट्रोल खत्म हो चुका है और ग्राहकों को केवल प्रीमियम या ‘स्पीड’ पेट्रोल ही उपलब्ध कराया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पेट्रोलियम कंपनियों और जिला प्रशासन के निर्देशों के बाद यह कदम उठाया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

रिजर्व स्टॉक के लिए कड़े नियम सर्विस प्रोवाइडर्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें अपने रिजर्व स्टॉक की जानकारी सार्वजनिक रूप से डिस्प्ले करनी होगी। एक निश्चित स्तर (थ्रेशोल्ड) से नीचे स्टॉक पहुंचने पर बिक्री रोक दी जा रही है। यह सुरक्षित स्टॉक मुख्य रूप से अत्यावश्यक सेवाओं (जैसे एम्बुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड) के लिए सुरक्षित रखा गया है, ताकि संकट की स्थिति में ये सेवाएं बाधित न हों।

तनाव का वैश्विक और स्थानीय कनेक्शन जानकारों का मानना है कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच लंबे समय से चल रही तनातनी ने ग्लोबल सप्लाई चेन को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारत अपनी तेल जरूरतों के लिए काफी हद तक खाड़ी देशों पर निर्भर है, ऐसे में अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता का सीधा असर कोरबा जैसे औद्योगिक शहरों की आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ रहा है।

Share This Article