Hospital Violence : कोरबा मेडिकल कॉलेज में बवाल…! मर्चुरी कर्मी की मौत के बाद तालाबंदी…सरपंच पर हत्या का आरोप

News Power Zone
3 Min Read
Hospital Violence

कोरबा, 06 अप्रैल। Hospital Violence : जिले के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मर्चुरी में पदस्थ बुजुर्ग कर्मचारी बालकृष्ण चनैया की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी आक्रोश फैल गया, कर्मचारियों ने काम बंद कर मर्चुरी में ताला जड़ दिया और मुख्य गेट पर भी प्रदर्शन शुरू कर दिया।

30 मार्च की घटना बनी मौत की वजह

जानकारी के मुताबिक, 30 मार्च को बेंदरकोना के सरपंच Jaiveer Singh Thakur एक शव का पोस्टमार्टम कराने अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि जल्दी काम कराने के दबाव में उन्होंने मर्चुरी कर्मी बालकृष्ण चनैया के साथ मारपीट की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में सरपंच ने कर्मचारी का सिर पकड़कर दीवार पर दे मारा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और अंदरूनी रक्तस्राव हो गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें ICU में भर्ती किया गया, जहां 6 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी मौत हो गई।

मौत के बाद फूटा गुस्सा

मौत की खबर फैलते ही अस्पताल में कर्मचारियों और परिजनों का आक्रोश भड़क उठा, मर्चुरी में ताला जड़ दिया गया, मुख्य गेट पर प्रदर्शन शुरू, अस्पताल की व्यवस्था पूरी तरह ठप। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक कोई पोस्टमार्टम नहीं किया जाएगा।

पुलिस और प्रशासन मौके पर तैनात

स्थिति को देखते हुए Prateek Chaturvedi भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया था, जिसे अब मौत के बाद धारा 302 में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

वहीं अस्पताल प्रबंधन के Dr. Gopal Kanwar और Dr. Ravikant Jatwar कर्मचारियों और परिजनों को समझाने में जुटे हैं, लेकिन हालात अभी भी तनावपूर्ण बने हुए हैं।

स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने सरकारी अस्पतालों में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ड्यूटी निभा रहे एक बुजुर्ग कर्मचारी की जान चली गई, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल उठ रहे हैं।

 

Share This Article