नई दिल्ली, 04 अप्रैल। Tragic Accidentt : महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। एक मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी, जिससे कार में सवार एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
यह हादसा रात करीब 10 बजे दिंडोरी शहर के शिवाजी नगर इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, मृतक सभी दिंडोरी तालुका के इंदौर गांव निवासी दरगुडे परिवार के सदस्य थे। मृतकों में सुनील दत्तु दरगुडे (32), उनकी पत्नी रेशमा, आशा अनिल दरगुडे (32) और परिवार के छह मासूम बच्चे शामिल हैं। बच्चों की उम्र 7 से 14 साल के बीच बताई जा रही है, जिनमें पांच लड़कियां और एक 11 साल का लड़का शामिल है।
बताया जा रहा है कि पूरा परिवार एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान अंधेरे में चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरा। कुएं में पानी भरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में कड़ी मशक्कत के बाद कार और सभी शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जांच जारी
दिंडोरी पुलिस ने मामले (Tragic Accidentt) की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन का नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सड़क की स्थिति, वाहन की रफ्तार और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।