छत्तीसगढ़
CAF Jawan Suicide : उदयपुर पैलेस में CAF जवान ने खुद को गोली मारकर दी जान…! जांच जारी
सुरक्षा ड्यूटी के बीच जवान ने सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली
खैरागढ़, 17 मार्च। CAF Jawan Suicide : खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र में सोमवार शाम एक दुखद घटना सामने आई, जहां उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में ड्यूटी पर तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मृतक जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी (38 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सीएएफ की छठवीं बटालियन में पदस्थ था और मूल रूप से भिलाई का निवासी था। घटना शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक जवान उदयपुर पैलेस परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। साथी जवान मौके पर पहुंचे तो कृपाचंद सोनवानी खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद राजपरिवार में चल रहे विवाद के चलते उदयपुर पैलेस और कमल विलास पैलेस को प्रशासन ने सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए CAF जवानों की तैनाती की गई है।
शुरुआती जांच के अनुसार, सैनिक हाल ही में छुट्टी लेकर ड्यूटी पर लौटा था। उसके साथियों ने बताया कि वह कुछ समय से तनाव में था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे इस बात की संभावना बढ़ जाती है कि आत्महत्या का कारण कोई निजी या पारिवारिक समस्या हो सकती है।
घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावर ने की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साथी जवानों व अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है, जिसके बाद मंगलवार को परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।



