छत्तीसगढ़

Illegal Opium : दुर्ग में अफीम कांड…! मक्के की आड़ में उग रही थी अफीम…कृषि विस्तार अधिकारी सस्पेंड

रिपोर्ट में मक्का, खेत में अफीम

दुर्ग, 14 मार्च। Illegal Opium : दुर्ग जिले के समोदा गांव में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पहले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू, फसल सर्वेयर शशिकांत साहू और ग्राम समोदा की पटवारी अनिता साहू को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था। जांच में सबसे बड़ी लापरवाही ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के स्तर पर सामने आई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

अधिकारी मक्का की फसल बताकर करते रहे रिपोर्ट

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिस खेत में अफीम की फसल लहलहा रही थी, उसे कृषि विभाग के अधिकारी लगातार मक्का की फसल बताकर रिपोर्ट करते रहे। दस्तावेजों की जांच में पाया गया कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के भाई विमल ताम्रकार के खेत को ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा मक्का फसल का प्रदर्शन प्लॉट बताया गया था। हालांकि जांच में पता चला कि प्रदर्शन प्लॉट में मक्का के बजाय धान की खेती की जा रही थी, जबकि मक्का की खेती के नाम पर अफीम की फसल उगाई जा रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि अधिकारियों और भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की मिलीभगत से मक्के की खेती की आड़ में अफीम की अवैध खेती की जा रही थी।

राज्य शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी जारी

इसके अलावा शासन को गुमराह करने के लिए खेत का स्थान भी बदल दिया गया और प्रदर्शन प्लॉट के नाम पर राज्य शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि भी जारी कर दी गई। नियमों के अनुसार प्रदर्शन प्लॉट की फोटो उसी किसान के साथ ली जानी चाहिए जिसे सरकारी लाभ मिलना है, लेकिन रिपोर्ट में दूसरे किसान को खड़ा कर मक्का के खेत के पास फोटो लेकर अपलोड कर दी गई। जांच में यह भी पाया गया कि जिस खेत की मक्का की फोटो लगाई गई थी, उसके ठीक पीछे अफीम की खेती की जा रही थी। वहीं फसल सर्वे के लिए नियुक्त फसल सर्वेयर शशिकांत साहू ने सितंबर 2025 में खेत का डिजिटल सर्वे कर फोटो गिरदावरी सॉफ्टवेयर में जानकारी अपलोड की थी। इसमें खसरा नंबर 309 को पड़त भूमि और खसरा नंबर 310 में धान की फसल दर्ज की गई थी, जबकि जांच में पाया गया कि इन्हीं दोनों खसरा नंबरों पर अफीम की खेती की जा रही थी। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू द्वारा कराए गए फसल प्रदर्शन में गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिस स्थान पर प्रदर्शन प्लॉट होना था, उसके बजाय दूसरी जगह इसे दिखाया गया और किसान की फोटो भी सही तरीके से नहीं ली गई। इसी स्थान पर अफीम की खेती किए जाने की पुष्टि हुई है, जिसके चलते ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया गया है। कलेक्टर ने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और यदि अन्य अधिकारियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button