भोपाल, 25 फरवरी। Sex Racket : राजधानी के बागसेवनिया इलाके में पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो आर्थिक रूप से कमजोर लड़कियों को ‘हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल’ का सपना दिखाकर उनका कथित शोषण कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में दो सगी बहनों अमरीन और आफरीन के साथ उनके सहयोगी चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर बलात्कार, जबरन धर्मांतरण, ब्लैकमेलिंग और देह व्यापार का नेटवर्क संचालित करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
झुग्गी से आलीशान विला तक
जांच में सामने आया है कि दोनों बहनें पहले अब्बास नगर क्षेत्र की एक झुग्गी में रहती थीं, लेकिन हाल ही में वे ‘सागर रॉयल विला’ नामक पॉश इलाके के एक महंगे विला में रहने लगी थीं। पुलिस को संदेह है कि यह संपत्ति कथित अवैध कमाई से अर्जित की गई। आरोपियों की आय और संपत्ति की विस्तृत जांच की जा रही है।
लालच, नशा और शोषण
पुलिस के अनुसार, आरोपी बहनें गरीब लड़कियों को 10 हजार रुपये मासिक वेतन, मुफ्त रहना-खाना और बेहतर जीवनशैली का झांसा देकर अपने संपर्क में लाती थीं। पीड़िताओं का आरोप है कि, कुछ दिन बाद ही उन्हें पब, क्लब और लाउंज पार्टियों में जबरन ले जाया जाता है, जहां कथित तौर पर नशीले पदार्थ देकर उन्हें बेहोश कर उसी हालत में उनका यौन शोषण किया जाता था।
दो पीड़िताओं की शिकायत
मामले में दो महिलाओं ने अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई है। पहली पीड़िता छत्तीसगढ़ के मुंगेली की रहने वाली ब्यूटीशियन है। उसका आरोप है कि दिसंबर 2025 में उसे काम के बहाने अहमदाबाद ले जाया गया, जहां अमरीन के रिश्तेदार यासिर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में बिलाल और चानू नामक व्यक्तियों द्वारा भी शोषण किए जाने का आरोप है।
दूसरी पीड़िता भोपाल की निवासी है और अमरीन के घर काम करती थी। उसने आरोप लगाया कि चंदन यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने व बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िताओं का कहना है कि उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था।
धर्मांतरण का आरोप
एफआईआर में जबरन धर्मांतरण का भी उल्लेख है। एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि चंदन यादव ने उस पर इस्लाम अपनाने का दबाव बनाया और निकाह कराने का झांसा दिया। आरोप है कि धर्म परिवर्तन के बाद उसे नमाज पढ़ने और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया।
बड़े नेटवर्क की आशंका
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। जांच में कई व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लड़कियों की तस्वीरें पाई गई हैं। इससे आशंका है कि गिरोह के तार अन्य शहरों जैसे गुजरात और मुंबई से भी जुड़े हो सकते हैं।
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों बिलाल, चानू और यासिर की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।