
कोरबा। पाली महोत्सव की शुरुआत भक्ति और उत्साह के साथ हुई, लेकिन मंच पर एक ऐसी तकनीकी चूक ने माहौल में हल्की खटास घोल दी जिसकी चर्चा कार्यक्रम से ज्यादा सोशल मीडिया पर होती रही। देश के चर्चित भजन गायक Hansraj Raghuwanshi जब मंच पर पहुंचे तो हजारों की भीड़ ने तालियों और जयकारों से उनका स्वागत किया।

जैसे ही उन्होंने अपने लोकप्रिय भजन की प्रस्तुति शुरू की, दर्शकों ने उनकी आवाज की सराहना की, लेकिन साउंड सिस्टम बार-बार लड़खड़ाता रहा। कभी आवाज फट रही थी, कभी इको बढ़ रहा था, तो कभी माइक की फ्रीक्वेंसी अचानक बदल जा रही थी। सामने बैठे लोगों तक सुर ठीक से नहीं पहुंच पा रहे थे, जबकि पीछे खड़े दर्शक भी असहज नजर आए।
LIVE के दौरान कमेंट्स की बाढ़
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सोशल मीडिया पर भी चल रहा था। लाइव स्ट्रीम के कमेंट सेक्शन में दर्शकों ने गायक की तारीफ करते हुए साउंड व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।“आवाज शानदार है, साउंड ठीक करिए”…“इतने बड़े आयोजन में ऐसा साउंड क्यों?”…“भजन का मजा किरकिरा हो गया”ऐसे सैकड़ों कमेंट लगातार आते रहे। कई लोगों ने आयोजन समिति से तुरंत तकनीकी सुधार की अपील भी की।
भक्ति भाव बना रहा कायम
तकनीकी बाधाओं के बावजूद Hansraj Raghuwanshi ने मंच नहीं छोड़ा। उन्होंने संयम के साथ प्रस्तुति जारी रखी और बीच-बीच में साउंड टीम को संकेत भी देते रहे। दर्शकों ने भी कलाकार का साथ नहीं छोड़ा। मोबाइल फ्लैशलाइट्स की रोशनी और “हर-हर महादेव” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
सवाल आयोजन की तैयारी पर
पाली महोत्सव जैसे बड़े आयोजन में देश स्तर के कलाकार की प्रस्तुति के दौरान साउंड सिस्टम की ऐसी गड़बड़ी ने तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब भीड़ और मंच दोनों बड़े हों तो तकनीकी व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। महोत्सव की शुरुआत भले ही उत्साह से हुई हो, लेकिन पहले ही दिन साउंड सिस्टम की खामी ने यह संदेश जरूर दे दिया कि भव्यता के साथ गुणवत्ता भी जरूरी है। अब देखना यह है कि आने वाले कार्यक्रमों में व्यवस्था को कितना दुरुस्त किया जाता है।




One Comment