कोरबा। पावर हब कोरबा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब जीएसटी की टीम ने अचानक SCC सर्वमंगला कंट्रशन कंपनी के ठिकाने पर दबिश दे दी। कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की गई कि राख ट्रांसपोर्टरों को भनक तक नहीं लगी। जैसे ही टीम अंदर पहुंची, जुड़े लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के मुताबिक टीम ने दस्तावेज, बिलिंग रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात खंगाले। प्रारंभिक जांच में राख परिवहन से जुड़े टैक्स लेन-देन में गड़बड़ियों की आशंका जताई जा रही है। कई ट्रांसपोर्टरों के नाम भी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बीते कुछ समय से राख परिवहन और भुगतान व्यवस्था को लेकर अंदरखाने चर्चाएं तेज थीं। अब जीएसटी की इस कार्रवाई ने उन चर्चाओं को हवा दे दी है। कारोबार से जुड़े कई लोग मोबाइल स्विच ऑफ कर नजर नहीं आ रहे हैं।
हालांकि विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्र साफ संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं।
कोरबा में राख के इस खेल पर अब जीएसटी की पैनी नजर है, और कार्रवाई की आंच दूर तक जाने की संभावना जताई जा रही है।



