Encounter : जांजगीर-चांपा में आतंक मचाने वाला लूटपाट गिरोह धराया…! 13 आम लोगों को किया था घायल…कोमा में है एक घायल…यहां देखें Video
8 आरोपी गिरफ्तार, 9वां आरोपी मुठभेड़ में घायल
जांजगीर-चांपा, 08 फरवरी। Encounter : जिले के थाना पामगढ़ और थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में 27 और 29 जनवरी की दरम्यानी रात को लूटपाट और बेरहमी से मारपीट की कई घटनाओं को अंजाम देने वाले खतरनाक गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इन घटनाओं में 13 आम नागरिक घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। एक घायल फिलहाल कोमा में है, जिनका इलाज बिलासपुर और रायपुर के अस्पतालों में जारी है।
पुलिस ने अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं नवमी आरोपी की घेराबंदी के दौरान उसके द्वारा कट्टे से फायर किए जाने पर पुलिस मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी है।
खतरनाक हथियारों से दहशत फैलाता था गिरोह
पुलिस के अनुसार, आरोपी रॉड, लोहे के पाइप, डंडा और बेल्ट लेकर सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमते थे। राहगीरों को रोककर सीधे सिर पर जानलेवा वार करते थे और फिर मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। एक ही रात में लगातार कई वारदात कर क्षेत्र में दहशत फैलाना इनका मुख्य उद्देश्य था।
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की घटनाएं
29 जनवरी 2026 की रात ग्राम कचंदा के नहर पार कच्चे रास्ते पर आरोपियों ने संगठित होकर तीन अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया। दीपक कुमार कश्यप, प्रशांत कश्यप, अमन बंजारे, सुमित बंजारे, आर्यन, अनिकेत रायसागर और मुकेश रायसागर पर निर्ममता से हमला किया गया। इसमें मुकेश रायसागर को गंभीर चोटें आईं और वे ICU में भर्ती हैं। आरोपियों ने मोबाइल फोन और नकदी लूट ली।
पामगढ़ थाना क्षेत्र की घटनाएं
27 जनवरी 2026 की रात ग्राम मुडपार–भदरा, मेउ, चेऊडीह और मधुकर पेट्रोल पंप के पास आरोपियों ने कई लोगों को रोककर लोहे के पाइप, रॉड और बेल्ट से हमला किया। इसमें कैलाश दास मानिकपुरी, बसंत दास, शुभम यादव, संजीव कुर्रे, आशीष वानी, सुखनंदन कश्यप और लक्ष्मण यादव घायल हुए। लक्ष्मण यादव को गंभीर चोटें आई हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- निखिल टंडन (18 वर्ष)
- मनीराम गोंड (19 वर्ष)
- नरेश यादव (19 वर्ष)
- रोशन टंडन (19 वर्ष)
- आयुष रात्रे (18 वर्ष)
06–07. दो विधि से संघर्षरत बालक - सन्नी
- रामनाथ (मुठभेड़ में घायल)
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से, स्टील रॉड (4), डंडा (2), बेल्ट (1), मोटरसाइकिल (3), स्कूटी (1), मोबाइल फोन (10), नगद ₹9,000, कुल कीमत ₹4,09,000 की संपत्ति जब्त की है।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ में अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का बयान
पूछताछ में आरोपियों ने वारदातों को संगठित रूप से अंजाम देना स्वीकार (Encounter)किया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त और आक्रामक कार्रवाई जारी रहेगी।



