कोरबा

Hanumant Katha : कोरबा में बाबा बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा…! मार्च में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब…मां सर्वमंगला को दिया गया पहला निमंत्रण

पांच दिवसीय हनुमंत कथा की तैयारियां शुरू

कोरबा, 08 फरवरी। Hanumant Katha : कोरबा जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से बाबा बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दिव्य श्री हनुमंत कथा का भव्य आयोजन जल्द ही किया जाएगा। यह आयोजन मार्च माह में पांच दिनों तक प्रस्तावित है, जिसमें कोरबा सहित प्रदेश और देश के विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। सनातन परंपरा के अनुसार कथा के सफल आयोजन के लिए सबसे पहले कोरबा की आराध्य देवी मां सर्वमंगला को विधिवत पहला निमंत्रण अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई।

मार्च में धीरेंद्र शास्त्री की दिव्य हनुमंत कथा

अपना सेवा आश्रम के संस्थापक राणा मुखर्जी ने बताया कि हनुमंत कथा का आयोजन बांकी मोंगरा क्षेत्र के डब-डब इलाके में संभावित है। कार्यक्रम स्थल को लेकर जिला प्रशासन को दो से तीन स्थानों के प्रस्ताव सौंपे गए हैं, जिनका निरीक्षण प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। अंतिम स्थल का चयन निरीक्षण के बाद किया जाएगा।

इसी क्रम में रजगामार क्षेत्र में अपना सेवा घर आश्रम का भूमि पूजन भी बाबा बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री के करकमलों से संपन्न होगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राणा मुखर्जी, ऋषभ शुक्ला, साकेत शर्मा, संदीप शर्मा, तपिश, रवि गिदवानी, अजय पटेल, उदय श्रीवास्तव, अविनाश दुबे, अखिल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। वहीं मिथलेश दुबे, ऋतु चौरसिया और वरिष्ठ स्वयंसेवक जुड़ावन सिंह का मार्गदर्शन आयोजन को दिशा दे रहा है।

सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को और सशक्त करने के उद्देश्य से टी.पी. नगर, कोरबा में आईसीआईसीआई बैंक के पास एक नए कार्यालय की भी शुरुआत की गई है।

आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य हनुमंत कथा का पुण्यलाभ अर्जित करें। कथा के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार, राष्ट्रभाव और सनातन संस्कृति के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम में बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button