SDM Action : कटघोरा SDM की बड़ी कार्रवाई…! अवैध रेत उत्खनन करते एक ट्रैक्टर जप्त…अन्य पर होगी सख्त कार्रवाई

News Power Zone
2 Min Read
SDM Action

कोरबा, 18 जनवरी। SDM Action : कटघोरा अनुविभाग में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना (IAS) के नेतृत्व में जुराली घाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान मौके पर 6 से 7 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पाए गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम द्वारा तत्काल राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर जप्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त टीम के पहुंचते ही अधिकांश ट्रैक्टर चालक अपने वाहन छोड़कर फरार होने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान एसडीएम श्री खन्ना स्वयं नदी पार कर दूसरे छोर पर पहुंचकर उत्खनन कर रहे एक ट्रैक्टर को पकड़ने में सफल रहे।
उक्त ट्रैक्टर क्रमांक CG 12 BU 6784, जो मौके पर एक ट्रिप रेत उत्खनन कर चुका था, को जप्त कर थाना कटघोरा में सुपुर्द किया गया।

ट्रैक्टर पर अंकित जानकारी के अनुसार वाहन ‘श्री कृष्णा ट्रैक्टर’ के नाम से पंजीकृत है, जिसके स्वामी भरत प्रजापति बताए गए हैं। इसके अलावा, अन्य ट्रैक्टर चालक मौके से भागते समय अपने मोबाइल फोन छोड़कर फरार हो गए। इन मोबाइल फोन के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

एसडीएम कटघोरा ने थाना प्रभारी को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

 

TAGGED:
Share This Article