Night Cricket : कोरबा में क्रिकेट का महाकुंभ…! मीना जैन मेमोरियल टूर्नामेंट का आज शुभारंभ…फ्लड लाइट में क्रिकेट का रोमांच

News Power Zone
3 Min Read
Night Cricket
कोरबा, 02 जनवरी। Night Cricket : क्रिकेट प्रेमियों के लिए कोरबा में आज से एक भव्य, आधुनिक और ऐतिहासिक क्रिकेट आयोजन की शुरुआत होने जा रही है। मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ आज नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में किया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक, शानदार व्यवस्थाओं और रात्रिकालीन रोमांच के साथ यह टूर्नामेंट कोरबा के क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। यह आयोजन 2 जनवरी से 5 जनवरी तक कोरबा का पहला इंटर-स्कूल फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट होगा। इसके बाद 6 जनवरी से 10 जनवरी तक स्टेट लेवल ओपन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। दोनों ही प्रतियोगिताओं के सभी मुकाबले पूरी तरह फ्लड लाइट में खेले जाएंगे। सभी मैच प्रतिदिन शाम 6 बजे से घंटाघर ओपन थिएटर, कोरबा में आयोजित होंगे, जिससे दर्शकों को नाइट क्रिकेट का रोमांचक और प्रोफेशनल अनुभव मिलेगा। स्टेट लेवल टूर्नामेंट को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए आयोजकों द्वारा प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये और द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये रखा गया है। बड़े इनाम को देखते हुए प्रदेशभर की कई मजबूत और प्रतिष्ठित टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। आयोजन की खास बात यह भी है कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव प्रसारण ‘कोरबा लाइव’ पर किया जाएगा। इसके साथ ही दर्शकों को लाइव कमेंट्री, थर्ड अंपायर कॉल और रिव्यू सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिलेंगी, जो आमतौर पर बड़े प्रोफेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में ही देखने को मिलती हैं। दर्शकों के लिए भी आयोजन में विशेष आकर्षण रखा गया है। मैच के दौरान दर्शकों द्वारा कैच पकड़ने पर आकर्षक इनाम दिए जाएंगे।

गर निगम 11 बनाम प्रेस क्लब 11 से होगा ऐतिहासिक टूर्नामेंट का आगाज

आज 2 जनवरी को उद्घाटन मुकाबले के रूप में नगर निगम 11 बनाम प्रेस क्लब 11 के बीच एक सद्भावना मैच खेला जाएगा, जो खेल भावना और सामाजिक सौहार्द का संदेश देगा। वहीं टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में लखनलाल देवांगन, माननीय उद्योग एवं वाणिज्य कर मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन, की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। मीना जैन मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा, बल्कि कोरबा को प्रदेश के क्रिकेट मानचित्र पर एक नई और विशिष्ट पहचान भी दिलाएगा।
 
TAGGED:
Share This Article