Traffic Awareness : नववर्ष में कोरबा पुलिस का व्यापक सुरक्षा और यातायात नियंत्रण अभियान…! ड्रंक एंड ड्राइव पर नकेल

News Power Zone
3 Min Read
Traffic Awareness
कोरबा, 29 दिसंबर। Traffic Awareness : नववर्ष 2026 को जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले के सभी थाना, चौकी और यातायात पुलिस इकाइयों को विशेष सतर्कता, निगरानी और चेकिंग अभियान के निर्देश दिए गए हैं।

व्यापारियों और डीजे संचालकों की बैठक

जिले के सभी थाना और चौकियों में व्यापारियों और डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। उन्हें निर्धारित समय पर दुकान बंद करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस सहयोग के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। बैंकों में नगद जमा करते समय सुरक्षा बरतने, अकेले न जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित थाना/चौकी को देने की सलाह दी गई। डीजे संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित समय और डेसिबल मानक का पालन करने तथा उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी

नववर्ष के अवसर पर ढाबा संचालकों, होटल, सराफा बाजार, मोबाइल दुकानों, बैंक मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था

जिले के विभिन्न पिकनिक स्थलों और पर्यटन क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे जलाशयों और नदियों में गहराई में न जाएँ, जोखिमपूर्ण व्यवहार न करें और शराब पीकर वाहन न चलाएँ।

यातायात नियमों के पालन अभियान

नववर्ष के दौरान यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु पुलिस ने विशेष अभियान चलाया है, चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य, दो पहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वालों के लिए हेलमेट अनिवार्य, ड्रंक एंड ड्राइव, तेज गति और स्टंटबाजी पर सख्त कार्रवाई, अवैध साइलेंसर और मॉडिफाइड वाहन के खिलाफ कार्रवाई, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर प्रतिबंध और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत चालानी और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, नियमों का पालन करें और नववर्ष 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण ढंग से मनाएं।
 
Share This Article