कोरबा, 27 दिसंबर। Adani Foundation की हरित पहल से कोरबा जिले के बरपाली तहसील अंतर्गत ग्राम पताड़ी सहित आसपास के गांवों में विकास की नई रोशनी फैल रही है। अदाणी कोरबा पॉवर लिमिटेड (केपील) के सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायतों के चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और सप्ताहिक बाजारों में सोलर हाई मास्ट लाइटें तथा गलियों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
अदाणी फाउंडेशन द्वारा कुल तीन चरणों में यह कार्य किया जा रहा है। प्रथम चरण में 50 सोलर स्ट्रीट लाइट और 3 सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की गईं। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने और ग्रामीणों की मांग पर द्वितीय चरण में 60 स्ट्रीट लाइट और 2 हाई मास्ट लाइटें और लगाई गईं। वहीं अब तृतीय चरण में 2 अतिरिक्त सोलर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि 64 स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य प्रगति पर है।
इस पहल से ग्राम पताड़ी, खोड्डल, पहंदा, सरगबुंदिया, ढनढनी, कुदूरमाल और देवरमाल सहित आसपास के ग्राम पंचायतों की गलियां और चौक-चौराहे रात में भी रोशन रहने लगे हैं। बेहतर रोशनी के कारण ग्रामीण अब सड़कों पर निडर होकर आवागमन कर पा रहे हैं, वहीं सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हुई है।
सप्ताहिक बाजारों में लगी सोलर हाई मास्ट लाइटों के कारण अब बाजार देर रात तक खुले रह रहे हैं। इससे स्थानीय व्यवसायियों की आमदनी बढ़ी है और व्यापार में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। सब्जी विक्रेता दुकेश्वरी देवी ने बताया कि बाजार में हाई मास्ट लाइट लगने से अब अलग से लाइट की जरूरत नहीं पड़ती और दुकान देर तक खुली रखने से उन्हें अच्छा लाभ हो रहा है।
ग्राम पंचायत पताड़ी के सरपंच प्रधान सिंह ठाकुर ने कहा कि सोलर लाइटों से गांव की गलियां पूरी रात रोशन रहती हैं, जिससे दुर्घटनाओं और असामाजिक घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने अदाणी फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि अदाणी समूह द्वारा अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के कोरबा, रायपुर, सरगुजा, दुर्ग, बलौदा बाजार-भाटापारा और बिलासपुर जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास और आजीविका उन्नयन के क्षेत्र में लगातार सामुदायिक विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।