Septic Ttank Newlywed Body : कबीरधाम में विवाहित महिला का शव मिला सेप्टिक टैंक में…ससुर पर हत्या का संदेह

News Power Zone
2 Min Read
Septic Tank Newlywed Body
कबीरधाम, 11 दिसंबर। Septic Ttank Newlywed Body : जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बांधाटोला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक नवविवाहित महिला का शव घर के सेप्टिक टैंक से बरामद हुआ है, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घर से अचानक तेज दुर्गंध आने पर परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ, जिसके बाद सेप्टिक टैंक खोलकर जांच की गई और मामला उजागर हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा और प्रारंभिक जांच की कार्रवाई शुरू की। शव की पहचान कमानी निषाद के रूप में हुई है। कुछ माह पहले उसने भेजराज पटेल से प्रेम विवाह किया था। करीब दो माह पहले उसके पति ने लोहारा पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

ससुर पर हत्या का संदेह

शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने मृतका के ससुर जहर पटेल पर हत्या का संदेह जताया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। साथ ही यह जांच भी की जा रही है कि, महिला की हत्या कर शव को टैंक में फेंका गया, या उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई और बाद में छुपाने के लिए यह तरीका अपनाया गया।

गांव में तनाव का माहौल

घटना के बाद बांधाटोला गांव में माहौल तनावपूर्ण है। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच जारी रखे हुए है और जल्द ही मामले के पूरे खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
Share This Article