Encounter : बीजापुर में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़…! टॉप कमांडर सहित 6 माओवादी ढेर

News Power Zone
3 Min Read
Encounter

बीजापुर, 11 नवम्बर। Encounter : बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच आज सुबह 10 बजे से शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त ऑपरेशन में छह कुख्यात माओवादियों को मार गिराया गया, जिनमें एक टॉप कमांडर भी शामिल है। मुठभेड़ अभी भी जारी है, और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर घेराबंदी बढ़ा दी गई है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से छह माओवादियों के शवों के साथ ऑटोमैटिक इंसास रायफल, स्टेनगन, .303 रायफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह बरामदगी माओवादियों की गतिविधियों के कमजोर होने का संकेत देती है।

संयुक्त ऑपरेशन और मुठभेड़ की जानकारी

सूत्रों के मुताबिक, माओवादियों की मौजूदगी की पक्की सूचना मिलने पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुरक्षा बलों के पहुंचते ही माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ लगातार जारी रही।

बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने पुष्टि की कि मुठभेड़ सुबह 10 बजे शुरू हुई थी और इसमें संयुक्त टीमों ने मोर्चा संभाला हुआ है। जवान इलाके को पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे हैं।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि छह माओवादियों का ढेर होना सुरक्षा बलों के लिए रणनीतिक बढ़त है। IG ने यह भी कहा कि माओवादी संगठन अब नेतृत्वविहीन स्थिति में सिमट रहा है और उनका मनोबल गिरा है।

सुरक्षा बलों की अतिरिक्त टीमें डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर, सीआरपीएफ और जिला पुलिस की मदद से आसपास के जंगलों में भेजी गई हैं ताकि भागे हुए नक्सलियों को पकड़ने के लिए दबाव बनाया जा सके।

गृहमंत्री का बयान

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का रुख स्पष्ट है, माओवादियों को आत्मसमर्पण का मौका दिया जा रहा है और उन्हें सुरक्षित रास्ता मिलेगा। सरेंडर करने वालों का पुनर्वास भी किया जाएगा। लेकिन हमला होने पर सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में नक्सल विरोधी अभियान और तेज किया जाएगा और राज्य सरकार सुरक्षा बलों के साथ हर संभव सहयोग कर रही है।

TAGGED:
Share This Article