
कोरबा। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला आयुष विंग विभाग का है, जहां पदस्थ सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर एके मिश्रा पर यह आरोप लगाया गया है। ट्रेनी डॉक्टर पिछले तीन महीने से इसी विभाग में प्रशिक्षण ले रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर की है। ट्रेनी डॉक्टर किसी काम से डॉक्टर मिश्रा के स्टाफ रूम में गई थी। उसी दौरान उन्होंने कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया। पीड़िता ने बताया कि डॉक्टर ने कहा, “तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, मैं चेकअप कर देता हूं,” और इसके बाद जबरदस्ती शरीर को छूने लगा।
डरी हुई ट्रेनी डॉक्टर किसी तरह कमरे से बाहर निकली और सीधे कॉलेज के डीन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने अपने परिजनों को भी बताया। परिजन अगले दिन कोरबा पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
- ASP नीतीश ठाकुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर डॉक्टर एके मिश्रा के खिलाफ धारा 354 (छेड़छाड़) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के डीन केके सहारे ने कहा कि ट्रेनी डॉक्टर की शिकायत पर आंतरिक निवारण समिति जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।