Congress Opposition : चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस का प्रदेशव्यापी चक्का जाम, दोपहर 12 से 2 बजे तक यातायात प्रभावित

News Power Zone
2 Min Read

रायपुर, 22 जुलाई। Congress Opposition : छत्तीसगढ़ में आज कांग्रेस पार्टी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी और चक्का जाम का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चलेगा, जिसके चलते राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

रायपुर शहर में मैग्नेटो मॉल और श्री राम मंदिर चौक (करेंसी टावर) के पास चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी अगुवाई शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे करेंगे। इसके अलावा रायपुर-बिलासपुर हाईवे सहित राज्यभर के प्रमुख मार्गों पर भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा और केंद्र सरकार राजनीतिक द्वेष के तहत प्रवर्तन निदेशालय और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही हैं। पार्टी ने दावा किया है कि यह कार्रवाई विपक्ष को दबाने की कोशिश है। कांग्रेस ने सभी 33 जिलों में इस विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, बस्तर विधायक, विभिन्न जिलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना विरोध तेज करने का ऐलान किया है।

प्रदर्शन के दौरान आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कांग्रेस ने कहा है कि यह लड़ाई लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। हालांकि, चक्का जाम के कारण आम नागरिकों को दोपहर में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने भी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

Share This Article