Dr. Raman Singh : राजनांदगांव को 63.65 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात…! शहरी अधोसंरचना को मिलेगा नया आयाम
डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से राजनांदगांव में होंगे विकास कार्य

राजनांदगांव, 16 जुलाई। Dr. Raman Singh : छत्तीसगढ़ के विधानसभा अध्यक्ष व राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के सतत प्रयासों से नगर क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिली है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के अंतर्गत 63 करोड़ 65 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों से शहरी अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विकास कार्यों की मुख्य झलक
डॉ. रमन सिंह को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्र के माध्यम से यह जानकारी दी। स्वीकृत कार्यों में निम्नलिखित प्रमुख प्रोजेक्ट शामिल हैं:
- ₹19.96 करोड़ की लागत से स्टेट स्कूल परिसर में 2000 सीटर ऑडिटोरियम का निर्माण
- ₹14.69 करोड़ से गंज चौक से कन्हापुरी तक सड़क का चौड़ीकरण
- ₹11.42 करोड़ में 500 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी एवं रीडिंग ज़ोन परिसर का निर्माण
- ₹6.58 करोड़ की लागत से मोहरा फिल्टर प्लांट से गंज चौक एवं नंदई चौक से इंदिरा टंकी तक 600 एमएम राईजिंग मेन पाइपलाइन का विस्तार
- ₹5 करोड़ की लागत से ट्रांसपोर्ट नगर में नाली, सड़क, लाइट एवं पानी की व्यवस्था
- ₹2 करोड़ से पेंड्री मुक्तिधाम से अस्पताल तक सड़क निर्माण
- ₹3.50 करोड़ से नारकन्धर नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण
- ₹50 लाख की लागत से ऑडिटोरियम की मरम्मत
जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया
डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्वीकृतियां क्षेत्र की जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल हैं।
उन्होंने कहा, “इन विकास कार्यों से राजनांदगांव नगर के नागरिकों को बिजली, पानी, सड़क, पुस्तकालय जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से मिलेंगी और नागरिकों का जीवन स्तर ऊंचा होगा। यह क्षेत्र के समग्र शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
यह परियोजनाएं न केवल विकास के नए द्वार खोलेंगी, बल्कि युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक और आधुनिक जीवनशैली सुनिश्चित करेंगी। राजनांदगांव का यह परिवर्तन आने वाले समय में एक आदर्श शहरी मॉडल के रूप में उभर सकता है।