Raipur City Crime: पार्सल से डॉलर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड

News Power Zone
3 Min Read

 

Raipur City Crime: रायपुर। रायपुर पुलिस ने विदेशी मुद्रा चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र के बीके ट्रांसपोर्ट से जुड़ा है, जहां 20,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 17.30 लाख रुपए) की सुनियोजित तरीके से चोरी की गई थी।

इस चोरी का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि जादवानी फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड का कर्मचारी साहिल गोधवानी (22 वर्ष) निकला, जो टूर एंड पैकेजिंग विभाग में कार्यरत था। उसने अपने साथियों नूरूल हुसैन और आयरिश जुनैद के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।

Raipur City Crime: पुलिस के अनुसार, जादवानी फॉरेक्स प्राइवेट लिमिटेड के हेड डायरेक्टर सतीश जादवानी ने शिकायत दर्ज की कि 3 जून 2025 को उनके रायपुर हेड ऑफिस से कर्मचारी अमोद गुप्ता ने 20,000 डॉलर (100 डॉलर के 200 नोट) का एक पार्सल बीके ट्रेवल्स, पंडरी के पुराने बस स्टैंड कार्यालय में नागपुर शाखा के लिए जमा किया था। अगली सुबह नागपुर शाखा से सूचना मिली कि पार्सल में डॉलर नहीं थे, जिससे चोरी का खुलासा हुआ। शिकायत के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 109/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायपुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कीर्तन राठौर, एएसपी (क्राइम) संदीप मित्तल, नगर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, डीएसपी (क्राइम) संजय सिंह, थाना प्रभारी देवेंद्र नगर और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। इस दौरान साहिल गोधवानी पर शक गहराया, जो पूछताछ में बार-बार बयान बदल रहा था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

साहिल ने बताया कि उसे कंपनी की पार्सलिंग प्रक्रिया की पूरी जानकारी थी। उसने अपने दोस्तों नूरूल हुसैन और आयरिश जुनैद को साजिश में शामिल किया। योजना के तहत आयरिश जुनैद ने बीके ट्रेवल्स में जाकर डॉलर से भरे पार्सल को नकली पार्सल से बदल दिया और चोरी को अंजाम देकर भाग गया।

पुलिस ने साहिल गोधवानी (22 वर्ष, निवासी दलदल सिवनी, मोवा, अवनी विहार, रायपुर) और आयरिश जुनैद (22 वर्ष, निवासी अवनी विहार, गली नंबर 1, मकान नंबर G-16, मोवा, रायपुर) को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 20,000 डॉलर, चार मोबाइल फोन और एक वाहन (CG 04 NL 9069) बरामद किया गया। तीसरा आरोपी नूरूल हुसैन अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Share This Article