छत्तीसगढ़

गेड़ी पर चढ़ SDOP ने लोकपर्व का किया अभिनंदन तो जवानों ने नारियल फेंककर दिखाया दम

जांजगीर-चांपा।  विभागीय व्यस्तता के मध्य लोक पर्व में भागीदारी निभाने को लेकर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सक्रियता दिखा रहे हैं। जांजगीर चांपा जिले के चांपा सबडिवीजन में छत्तीसगढ़ के लोक पर्व हरेली के अवसर पर समय निकालकर परंपरागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस स्टाफ़ में उत्साह का वातावरण नजर आया।

 

अनुविभागीय अधिकारी पुलिस यदुमणि सिदार  थाना प्रभारी चांपा डॉक्टर नरेश पटेल और जवानों ने गेंड़ी पर चढ़कर अपनी कुशलता प्रदर्शित की। बचपन की यादों को इस पर्व के बहाने जीवंत करने की कोशिश की गई।

 

हरेली पर नारियल फेंकने की प्रतियोगिता भी होती है जिसका नजारा भी यहां पर देखने को मिला। चांपा थाना के प्रभारी सहित मातहत और जवानों ने पूरे उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में दमखम दिखाया। प्रतिस्पर्धा इस बात को लेकर थी कि कौन कितनी अच्छी तकनीक के साथ कितनी दूरी तक नारियल को फेंक सकता है। नारियल फेंक प्रतियोगिता का सबसे बड़ा पक्ष यही होता है और यह शारीरिक दक्षता के साथ-साथ कौशल और सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का माध्यम बनता है।

 

हरेली के अवसर पर पुलिस थाना परिसर में  हरियाली बिखेरी गई। श्रावण अमावस्या के साथ लोक पर्व की शुरुआत हरेली से होती है इसलिए भी इस दिन का अपने आप में विशेष महत्व है। चांपा पुलिस की ओर से किए गए इस आयोजन में विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी विशेष भूमिका का निर्वहन किया।

 

Related Articles

Back to top button