Uncategorized

Voter List Update : छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट से 27 लाख नाम कटे…! ऐसे करें अपना नाम चेक

छत्तीसगढ़ वोटर लिस्ट संशोधन

रायपुर, 23 दिसम्बर। Voter List Update : छत्तीसगढ़ में राज्य निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। इस व्यापक प्रक्रिया में मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए बड़े स्तर पर सत्यापन किया गया, जिसके परिणामस्वरूप 27 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस वर्ष SIR अभियान के दौरान 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 मतदाताओं से एनरोलमेंट फॉर्म (EF) प्राप्त किए गए। सत्यापन के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कुल 27 लाख 34 हजार 817 नाम हटाए गए, जिनमें मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और लंबे समय से अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं।

ड्राफ्ट सूची में उन मतदाताओं का भी अलग से उल्लेख किया गया है, जिनके नाम पिछली SIR प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे या जिन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को आवश्यक दस्तावेज़ उपलब्ध नहीं कराए थे। इससे मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया गया है।

ऑनलाइन ऐसे करें अपना नाम चेक
मतदाता छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://electoralsearch.eci.gov.in/uesfmempmlkypo पर जाकर EPIC नंबर, जिला, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड या गांव और बूथ नंबर के माध्यम से आसानी से अपना नाम खोज सकते हैं। ड्राफ्ट वोटर लिस्ट इलेक्ट्रॉनिक और पूरी तरह सर्चेबल फॉर्मेट में उपलब्ध है, जिसे डाउनलोड भी किया जा सकता है।

दावा-आपत्ति का मौका, अंतिम सूची 21 फरवरी को

निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 के बीच अपनी प्रविष्टियों की जांच करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है। सभी आपत्तियों के निपटारे के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button